

पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस के ठहराव पर आर-पार की लड़ाई
*हल्दीपोखर और सिदिरसाई में ट्रेन ठहराव की मांग पर झामुमो का धरना, विधायक संजीव सरदार बोले : मांग नहीं मानी गई तो दिल्ली जाकर सरकार को जगाएंगे*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस के हल्दीपोखर और सिदिरसाई में ठहराव की मांग अब आंदोलन का रूप लेने लगी है। झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी ने इस मांग को लेकर हल्दीपोखर बाजार में बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। धरने में शामिल विधायक संजीव सरदार ने रेलवे और सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोनों स्थानों पर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित नहीं किया गया, तो झामुमो कार्यकर्ता पोटका से दिल्ली तक जाकर सरकार को जगाने का काम करेंगे।
विधायक ने कहा कि हल्दीपोखर वर्षों से क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र रहा है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग ओडिशा के विभिन्न बाजारों में खरीद-बिक्री के लिए आते-जाते हैं। पुरी के प्रति लोगों की धार्मिक आस्था भी गहरी है। यहां के लोग पूजा-अर्चना के लिए पुरी जाते हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच और इलाज के सिलसिले में भी लोगों का आवागमन होता है। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर से प्रतिदिन चार बसें हल्दीपोखर होकर पुरी जाती हैं। ऐसे में एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होने से क्षेत्र के आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
*विधायक की चेतावनी: ठहराव नहीं तो पोटका से दिल्ली तक आंदोलन*
संजीव सरदार ने कहा कि यह मांग केवल किसी एक गांव या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के यात्रियों और आम लोगों की सुविधा से जुड़ी है। इसके बावजूद यदि रेलवे और सरकार इस मांग की अनदेखी करते हैं, तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।
झामुमो के वरिष्ठ नेता सुनील महतो ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हल्दीपोखर आंदोलन की धरती रही है। यदि ट्रेन ठहराव के मामले में सरकार का रवैया टालमटोल वाला रहा, तो यहां झारखंड आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
धरने में पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो, हीरामणि मुर्मू, ओम प्रकाश गुप्ता, विद्यासागर दास, चक्रधर महतो और मो. असलम सहित झामुमो के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

