सेंदरा पर्व पर टकराव: वन विभाग की रोक बनाम दलमा राजा की परंपरा, विवाद गहराया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के परसुडीह स्थित गदड़ा में सेंदरा पर्व को लेकर आयोजित बैठक में वन विभाग और दलमा बुरू सेंदरा समिति के बीच मतभेद खुलकर सामने आए। बैठक दलमा राजा राकेश हेंब्रम के आवास पर हुई।

वन विभाग ने साफ कहा कि सेंदरा के दौरान किसी भी जंगली जानवर का शिकार कानूनन अपराध है और लोगों से केवल पारंपरिक तरीके से पर्व मनाने की अपील की। वहीं दलमा राजा राकेश हेंब्रम ने कहा कि शिकार सेंदरा की सदियों पुरानी परंपरा है, जिसे रोका नहीं जा सकता। उन्होंने चेकनाकों पर रोक और शिकारियों को परेशान न करने की मांग भी रखी।
बताया गया कि 27 अप्रैल को सेंदरा पर्व मनाया जाएगा, जबकि 25 अप्रैल को गदड़ा से दलमा राजा रवाना होंगे। बैठक के बावजूद परंपरा और कानून के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आगे स्थिति संवेदनशील रहने की आशंका है।

