गणगौर महोत्सव में उमड़ी आस्था, 3000 से अधिक महिलाएं राजस्थानी परिधान में शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा द्वारा भव्य गणगौर महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 3000 से अधिक महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी परिधान में सजधज कर शामिल हुईं और सामूहिक रूप से गणगौर एवं जंवारा का विसर्जन किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने पूजा-अर्चना, लोकगीत और नृत्य के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां मनाईं। आयोजन स्थल पर शीतल जल, शर्बत और चाट की भी व्यवस्था की गई।

सम्मेलन के अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने बताया कि गणगौर मारवाड़ी समाज का प्रमुख लोक पर्व है, जिसमें महिलाएं अखंड सौभाग्य के लिए माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करती हैं। महामंत्री बबलु अग्रवाल और कोषाध्यक्ष सन्नी संघी ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान साकची शाखा द्वारा 300 से अधिक बेटियों और बहुओं को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। आयोजन की सफलता में शाखा के पदाधिकारियों और समाज के कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

