घाटशिला मुख्य सड़क निर्माण व बुरूडीह डैम विकास को लेकर डीसी से मिलीं डॉ. सुनीता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
भाजपा नेत्री डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन ने जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर घाटशिला मुख्य सड़क के जर्जर हालत में तत्काल निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने गोपालपुर फाटक से स्टेशन तक की सड़क की मरम्मत, कालचिती डैम रोड के पास क्षतिग्रस्त पुलिया, बुरूडीह डैम में खराब हाई मास्ट लाइट की मरम्मती और शौचालय निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।

डॉ. सुनीता ने कहा कि दुर्गा पूजा व दीपावली जैसे बड़े त्योहार नजदीक हैं, ऐसे में खराब सड़क और जाम की समस्या से लोगों को और कठिनाई होगी। उन्होंने बताया कि ऑटो चालक संघ ने भी समस्या से अवगत कराया है। बुरूडीह डैम को पर्यटन स्थल बताते हुए वहां शौचालय नहीं होने से खासकर महिलाओं को परेशानी की बात रखी।

डीसी ने सभी मुद्दों पर जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा नेता अजय शाह, पूर्व सैनिक विमल सिंह मुंडा, जयप्रकाश सिंह व विनय बेरा उपस्थित थे।

