घाटशिला उपचुनाव की तैयारियों का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला: आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन कोषांग, व्यय कोषांग, पोस्टल बैलेट हेतु चिन्हित स्ट्रांग रूम, सामग्री कोषांग, ईवीएम कोषांग और परिवहन कोषांग का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी कोषांग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूर्ण तत्परता और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने मतदान केंद्रों की तैयारी, कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और लॉजिस्टिक व्यवस्था में आपसी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
व्यय कोषांग से उन्होंने प्रत्याशियों के चुनावी व्यय की सतत निगरानी सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध लेन-देन पर तत्काल रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
पोस्टल बैलेट हेतु स्ट्रांग रूम जिला उद्योग केंद्र में स्थापित किया गया है। श्री सत्यार्थी ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की भी समीक्षा की।
सामग्री कोषांग के प्रभारी से उन्होंने चुनाव सामग्रियों के सुरक्षित भंडारण और वितरण की तैयारी की जानकारी ली ताकि मतदान दलों को सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जा सके। वहीं, ईवीएम कोषांग को मशीनों के रख-रखाव और परिवहन कोषांग को मतदान कर्मियों और सामग्रियों के सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब न बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि “निर्वाचन कार्य निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे पूर्ण निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, विभिन्न कोषांगों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

