राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। चैती छठ पर्व को लेकर जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं में उत्साह रहा, लेकिन शिव मंदिर छठ घाट की साफ-सफाई नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। घाट पर गंदगी के कारण कई व्रतियों को मजबूरी में अपने घरों या अन्य नदी घाटों पर जाकर अर्घ्य देना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यूसिल प्रबंधन की ओर से घाट की सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे पर्व के दौरान काफी परेशानी हुई। नदी और आसपास के क्षेत्र में गंदगी, यहां तक कि शराब की बोतलें पड़ी होने की भी शिकायत सामने आई।
ग्रामीणों ने कहा कि सीएसआर के तहत भी सफाई या सहयोग नहीं मिल रहा है और कॉलोनियों में भी गंदगी की स्थिति बनी हुई है। भाजपा नेता रोहित सिंह ने भी मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पर्व-त्योहार के समय साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में यूसिल सीएमडी से शिकायत करने की बात कही है।

