राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। यूसील जादूगोड़ा यूरेनियम प्रोजेक्ट में ठेकाकर्मियों की मांगों को लेकर हुए समझौते के बावजूद अब तक मृतकों के आश्रितों को नियुक्ति नहीं मिलने से मजदूरों में भारी नाराजगी है। 13 से 15 जनवरी तक सात सूत्री मांगों को लेकर हुई हड़ताल के बाद 15 जनवरी को विधायक सोमेश सोरेन की अध्यक्षता में बैठक हुई थी, जिसमें 15 फरवरी तक दो मृत ठेकाकर्मियों के आश्रितों को नौकरी देने पर सहमति बनी थी।
मजदूर नेताओं का आरोप है कि लिखित समझौते के बावजूद 40 दिन बीत जाने के बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया, जिससे प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लग रहा है। पूर्व जिप सदस्य बाघराय मार्डी ने कहा कि 30 मार्च को प्रबंधन के साथ बैठक प्रस्तावित है, और यदि सकारात्मक समाधान नहीं निकला तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि लगातार हड़ताल से यूसील की छवि प्रभावित हो रही है और प्रबंधन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। इधर, भाटिन माइंस के ठेकाकर्मी और विस्थापितों ने भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। मजदूरों का कहना है कि बार-बार तारीख मिलने से उनका भरोसा प्रबंधन से उठता जा रहा है।

