राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका. जिला मुखिया संघ, पूर्वी सिंहभूम के प्रतिनिधिमंडल कान्हु मुर्मू ने झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग की निदेशक महोदया से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर पंचायत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य रूप से पंचम राज्य वित्त आयोग, 15वें वित्त आयोग, तथा पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से संबंधित मुद्दों पर सकारात्मक संवाद हुआ। निदेशक महोदया ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
यह प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष श्री कान्हू मुर्मू के नेतृत्व में गया, जिसमें जिला उपाध्यक्ष श्री राकेश चंद्र मुर्मू, युवा सक्रिय मुखिया श्री निताई मुंडा, सचिव श्री सुनील किस्कू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिला अध्यक्ष श्री कान्हू मुर्मू ने बताया कि पंचायतों के समग्र विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को निदेशक महोदया के समक्ष रखा गया, जिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही कोल्हान प्रमंडल में मुखिया सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंचायत सशक्तिकरण एवं विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा होगी।
जिला मुखिया संघ पूर्वी सिंहभूम द्वारा इस पहल को पंचायतों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।

