जिला परिषद अध्यक्ष पद पर दीपिका बेसरा निर्विरोध निर्वाचित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित सभागार में जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई। निर्वाचन कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने की। पूरे प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक औपचारिकताओं को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधिसम्मत तरीके से पूरा किया गया।
जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए केवल एक अभ्यर्थी, श्रीमती दीपिका बेसरा ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन की संवीक्षा के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके उपरांत उपायुक्त द्वारा उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी भी कराई गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर नव-निर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित जिला परिषद के सदस्यगण उपस्थित रहे।

