जामताड़ा में जनता दरबार: 60 से अधिक मामलों की सुनवाई, कई का ऑन द स्पॉट समाधान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 60 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। प्रशासन द्वारा कई मामलों का त्वरित समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में मतदाता सूची से नाम हटाने, भूमि विवाद, मारपीट, भू-अर्जन मुआवजा, अत्यधिक बिजली बिल, खराब चापाकल, राशन नहीं मिलने तथा आवास संबंधी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। नगर परिषद मिहिजाम में कार्यरत सीआरपी कर्मियों ने 15 माह से मानदेय नहीं मिलने की शिकायत रखी, जिस पर त्वरित पहल करते हुए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मतदाता सूची से नाम हटाने की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए, वहीं बिजली बिल में गड़बड़ी के मामले में सुधार के लिए संबंधित विभाग को कार्रवाई करने को कहा गया। भू-अर्जन मुआवजा से जुड़े मामलों में राशि उपलब्ध होते ही भुगतान का आश्वासन दिया गया।
प्रशासन ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां आमजन अपनी समस्याएं रख सकते हैं।

