उपायुक्त ने घाटशिला व मुसाबनी में स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं से की बातचीत, सहयोग का दिया आश्वासन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने घाटशिला एवं मुसाबनी प्रखंड का दौरा कर ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं (दीदीयों) से संवाद किया। उन्होंने पीपल ट्री संस्था के काष्ठ शिल्पकला सेंटर और तेरेंगा गांव में मां गायत्री महिला समिति के कार्यों का निरीक्षण कर महिलाओं के हुनर की सराहना की। उपायुक्त ने बेहतर प्रशिक्षण, डिज़ाइन अपग्रेडेशन, आधुनिक उपकरण, मार्केट लिंकेज एवं अन्य सहयोग का आश्वासन दिया, ताकि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पाद बेच सकें।
इसके अलावा उन्होंने घाटशिला में रूर्बन मिशन अंतर्गत संचालित ‘सखी डोर’ सिलाई सेंटर और जूट बैग निर्माण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं को गुणवत्ता-आधारित प्रशिक्षण और समूह आधारित कार्यों पर जोर देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं ने प्रशासनिक सहयोग से मिले आत्मविश्वास की सराहना की। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे प्रयास आत्मनिर्भर भारत और ‘लखपति दीदी’ जैसे लक्ष्यों को साकार करने में मददगार हैं। मौके पर एसडीओ सुनील चंद्र, बीडीओ यूनिका शर्मा, बीडीओ अदिति गुप्ता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

