जमशेदपुर: डिमना लेक में अज्ञात महिला का शव मिला, इलाके में सनसनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां डिमना लेक में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है। जमशेदपुर के डिमना लेक में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ देखा। यह पूरा मामला बोड़ाम थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बोड़ाम थाना की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि किसी गुमशुदगी के मामले से इसका मिलान किया जा सके।

