*टीकर में जमीन विवाद, निर्माण रोकने का आरोप
*रैयतदारों ने प्रशासन से मांगी निष्पक्ष कार्रवाई, थाना प्रभारी बोले- जल्द होगी मापी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
ईचागढ़ प्रखंड के टीकर गांव में जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर रैयतदारों और कुछ ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति है। रैयतदारों ने निर्माण में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी ने जल्द जमीन की मापी कराने की बात कही है।
रैयतदार क्षितिज कुमार महतो, मुचीराम महतो, सुग्रीव महतो और रंजीत कुमार साव के अनुसार, मौजा टीकर के खाता संख्या 583, प्लॉट संख्या 3816 की 24 एकड़ 80 डिसमिल जमीन उनके पूर्वजों ने 14 सितंबर 1952 को ईचागढ़ राजा साहब से खरीदी थी। उनका दावा है कि जमीन से संबंधित डीड, खतियान और ऑनलाइन लगान रसीद उनके पास हैं।
रैयतदारों का कहना है कि अंचल कार्यालय से जमीन की मापी हो चुकी है और चांडिल अनुमंडल न्यायालय से भी उनके पक्ष में आदेश पारित हुआ है। इसके बावजूद कुछ स्थानीय लोग निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जमीन मुंबई की कंपनी बजिल प्राइवेट लिमिटेड को लीज पर दी गई है तथा कंपनी के लिए अंचल कार्यालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किया गया है।
इस विवाद पर थाना प्रभारी वरुण कुमार ने बताया कि जमीन की मापी के लिए अंचल अधिकारी को पत्र भेजा गया है। जल्द ही मापी कराई जाएगी।
रैयतदारों ने प्रशासन से दस्तावेजों की जांच कर आधिकारिक मापी के जरिए विवाद सुलझाने की मांग की है। जमीन के स्वामित्व और सीमांकन की स्थिति आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

