जादूगोड़ा में पहली बार विजया मिलन समारोह, सभी पूजा समितियां सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
जादूगोड़ा में पहली बार विजया मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जादूगोड़ा मोड़ कमेटी सह सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की इस पहल में क्षेत्र की सभी प्रमुख दुर्गा पूजा समितियों को एक मंच पर लाकर सम्मानित किया गया। आयोजन को क्षेत्र में आपसी समन्वय, सौहार्द और एकजुटता बढ़ाने की सकारात्मक पहल के रूप में देखा गया।
समारोह में मुख्य अतिथि मुसाबनी के डीएसपी रोहित रजवाड़, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी अशोक अग्रवाल और अतिथि के रूप में जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वरदयाल मुंडा शामिल हुए। कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
*दस पूजा समितियों को मिला सम्मान*
उत्कृष्ट आयोजन और शांतिपूर्ण पूजा संपन्न कराने के लिए क्षेत्र के सभी दस कमेटी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। पुजारी शक्ति पद मजूमदार और उनकी धर्मपत्नी को भी भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया गया।
*पत्रकारों को भी किया सम्मानित*
क्षेत्र में सकारात्मक पत्रकारिता के लिए अनिल अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, अरविंद प्रसाद, रंजन गुप्ता, मणि शंकर भगत और मोहम्मद कलीमुद्दीन को सम्मानित किया गया।
*शांतिपूर्ण पूजा के लिए सभी बधाई के पात्र : डीएसपी*
डीएसपी रोहित रजवाड़ ने कहा कि जादूगोड़ा क्षेत्र की सभी समितियों ने शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराई, जिसके लिए वे बधाई की पात्र हैं। विजया मिलन समारोह को उन्होंने सकारात्मक पहल बताते हुए आयोजक कमेटी की सराहना की। उन्होंने थाना प्रभारी ईश्वरदयाल मुंडा की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने पूजा के दौरान पूरी जिम्मेदारी संभाली और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समाजसेवी अशोक अग्रवाल ने कहा कि आपसी मिलन से मित्रता और प्रगाढ़ होती है। सभी समितियां एकजुट होकर भविष्य में भी बेहतर और शांतिपूर्ण पूजा आयोजन करें, यही उनकी कामना है।
*समारोह में ये रहे मौजूद*
समारोह में कमेटी अध्यक्ष अमित साहू, सचिव किशोर कांवटिया, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, उदय लाहा, मोहन रजक, संजीव लाहा, पूर्व वरिष्ठ अध्यक्ष गोपाल बिष्ट, सुशील अग्रवाल, गिरीश सिंह, आशीष राणा, गोपाल शाह, अशोक सिंह, संजू बारीक, संजय लोधा, उपेंद्र शर्मा, आकाश शाह, अमित दे, देवव्रत नम्रता, शिबू पाल, जय प्रकाश लोधा और दीपू पांडा समेत कमेटी के कई सदस्य उपस्थित थे।

