चांडिल के रामगढ़ टोला में दूर हुई पानी की किल्लत
35 हजार रुपये की लागत से कुएं में लगा समरसेबल पंप, बिछी 750 फीट पाइपलाइन, विधायक ने किया उद्घाटन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
चांडिल प्रखंड के रस्काडीह स्थित रामगढ़ टोला में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या से ग्रामीणों को राहत मिली है। ईचागढ़ की विधायक सविता महतो की निजी पहल पर करीब 35 हजार रुपये की लागत से कुएं में समरसेबल पंप लगाकर पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके तहत 750 फीट पाइपलाइन बिछाने के साथ चबूतरा और दो हजार लीटर क्षमता की पानी टंकी भी लगाई गई है।
गांव का चापाकल खराब होने के कारण ग्रामीणों को पानी लाने के लिए दूसरे टोले जाना पड़ता था। इस दौरान उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग पार करना पड़ता था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। नई व्यवस्था शुरू होने से ग्रामीणों को अब गांव में ही पानी उपलब्ध होने लगा है।
विधायक सविता महतो ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर नई पेयजल व्यवस्था का उद्घाटन किया। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि गांव में पानी की उपलब्धता से रोजमर्रा की परेशानी कम होगी और दूसरे टोले तक जाने की जरूरत भी घटेगी।
इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, दिलीप महतो, शिव शंकर लायेक, तारापदो सिंह, मंटू गोराई, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

