सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं हो : कान्हु मुर्मू
*मुखिया ने धोबोडुंगरी में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का किया निरीक्षण*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
वर्षों से प्रतीक्षित केरुआडुंगरी पंचायत में हांकेगोड़ा से चांगीरा तक आरईओ विभाग की ओर से पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में पंचायत के मुखिया कान्हु मुर्मू ने धोबोडुंगरी में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुखिया ने संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे और ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने गांव के युवाओं से भी निर्माण कार्य की निगरानी और सुचारू संचालन में जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क बन जाने से आवागमन सुगम होगा और आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान माझी बाबा बीरसिंह बास्के समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

