परिसीमन बिल पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, झारखंड के राजनीतिक अधिकारों से खिलवाड़ का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर झारखंड के साथ भेदभाव करने और राज्य के राजनीतिक अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया है। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने परिसीमन बिल और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा सरकार परिसीमन बिल के माध्यम से झारखंड को विधानसभा सीटों में मिलने वाले वास्तविक लाभ से वंचित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में झारखंड विधानसभा में अनुसूचित जनजाति के लिए 28 सीटें आरक्षित हैं। भाजपा के प्रस्ताव में इनकी संख्या बढ़ाकर 32 करने की बात कही जा रही है, जबकि राज्य की जनसंख्या, आदिवासी आबादी और सामाजिक संरचना को देखते हुए कम से कम 42 सीटें आरक्षित होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में परिसीमन की प्रक्रिया सामाजिक न्याय और जनसंख्या के वास्तविक आंकड़ों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि किसी भी नए परिसीमन से पहले जनगणना कराई जाए और सभी वर्गों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि परिसीमन केवल विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने या घटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र में जनता के प्रतिनिधित्व और राजनीतिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। पार्टी ने केंद्र सरकार से झारखंड के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी और न्यायसंगत परिसीमन कराने की मांग की।

