राजस्व लक्ष्य पूरा करें, विलंब करने वाले संवेदक होंगे ब्लैकलिस्ट
*कोल्हान आयुक्त ने राजस्व संग्रहण और विकास योजनाओं की समीक्षा की*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने को लेकर कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य हासिल करने और निर्माण कार्यों में देरी करने वाले संवेदकों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन व खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने को कहा। परिवहन विभाग को वाहन जांच तेज करने तथा उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक के लिए छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। नगर निकायों को राजस्व संग्रहण बढ़ाने के साथ सफाई और नागरिक सुविधाओं पर ध्यान देने को कहा गया।
ग्रामीण कार्य विभाग की मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा में निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और अन्य भवनों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि अनावश्यक विलंब करने वाले संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें काली सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू की जाए। संबंधित विभागों और अन्य जिलों को भी इसकी जानकारी देने को कहा गया। कार्यपालक अभियंताओं को नियमित स्थल निरीक्षण और संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

