दुर्गापूजा में सीसीटीवी से निगरानी, भीड़ वाले पंडालों पर विशेष नजर
*कोल्हान आयुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा ऑडिट से लेकर अवैध शराब पर कार्रवाई के निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। आयुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने पूजा समितियों को पंडालों के प्रवेश द्वार और प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा दुकानदारों को अपने कैमरे सक्रिय रखने को कहा। अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष संचालित कर कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी और नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आदित्यपुर और गम्हरिया समेत भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन मजबूत करने, महिला पुलिसकर्मियों की जरूरत के अनुसार तैनाती, चिकित्सा दल की उपलब्धता और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने को कहा गया। बड़े वाहनों के मार्ग में आवश्यक बदलाव की योजना पहले से तैयार रखने का भी निर्देश दिया गया।
डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों का पालन कराने तथा आपत्तिजनक गीतों पर रोक लगाने को कहा गया। आयुक्त ने अवैध व नकली शराब के विरुद्ध नियमित जांच, खाद्य प्रतिष्ठानों और बसों की जांच तथा पूजा पंडालों का सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी जोर दिया।
अग्नि व विद्युत सुरक्षा, प्रकाश, साफ-सफाई, सोशल मीडिया निगरानी और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, एसपी मनोज सर्वांगियारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

