छौड़ाही पीएचसी में 140 गर्भवती महिलाओं की जांच।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही /बेगूसराय
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र(सीएचसी) छौड़ाही में शुक्रवार को प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।शिविर में करीब 140 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।इस दौरान महिलाओं को गर्भावस्था में संतुलित खानपान, नियमित जांच और जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई।पसीएचसी प्रभारी डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और गर्भावस्था के दौरान संभावित समस्याओं की समय पर पहचान करने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया।जांच के दौरान महिलाओं के रक्त,वजन सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं का आकलन किया गया। साथ ही उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार खानपान और स्वास्थ्य का ध्यान रखने को कहा गया।डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच से संभावित समस्याओं की पहचान करने और समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।इसलिए गर्भवती महिलाओं को निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच करानी चाहिए और चिकित्सकों की सलाह का पालन करना चाहिए।शिविर में पीएचसी मैनेजर रामविजय विजय, बीसीएम दयाशंकर पासवान सहित चिकित्सक, एएनएम और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

