डिमना मध्य विद्यालय में खूनी संघर्ष 8वीं कक्षा के छात्रों ने सहपाठी को बेरहमी से पीटा, शिक्षक बने मूकदर्शक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :डिमना स्थित डिमना मध्य विद्यालय में आज एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना घटी। विद्यालय परिसर में 8वीं कक्षा के छात्र रौनक मुंडा (पिता: संगीता मुंडा, निवासी मिर्जडीह) पर उसके ही सहपाठी राधेश्याम पात्रो, सोमनाथ मार्डी एवं मानिक कुमार ने मिलकर बेल्ट, कड़ा और डंडे से बेरहमी से हमला कर दिया।
हमले में रौनक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय विद्यालय में प्रभारी प्राचार्या रीता देवी सहित 3–4 शिक्षक मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी न तो पुलिस को सूचना दी और न ही पीड़ित छात्र के परिजनों को खबर की।
घायल छात्र को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया और बाद में सीटी स्कैन के लिए भेजा गया।
पीड़ित की मां संगीता मुंडा ने बताया कि उनके बेटे के सिर के पीछे बेल्ट के बक्कल और कड़ा से गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान खतरे में पड़ी।
सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी और थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
इस घटना पर युवा जदयू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमंत पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा विद्यालय परिसर में इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक है। शिक्षकों की नैतिकता मर चुकी है, जो छात्रों की पिटाई होते देख भी मूकदर्शक बने रहे।
उन्होंने आगे कहा कि युवा जदयू का एक प्रतिनिधिमंडल कल विद्यालय जाकर दोषी छात्रों एवं शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेगा।

