राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया
स्व. अग्नि बेसरा की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर अग्नि बेसरा चैरिटेबल ट्रस्ट और जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में द्वारा मिरुडीह रिसोर्ट में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 104 यूनिट रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार उपस्थित थे। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। इससे जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित एसिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने इस प्रकार के सामाजिक कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए ट्रस्ट के प्रयासों की प्रशंसा की। शिविर में पूर्व डिप्टी मेयर बॉबी सिंह, पार्षद अंकुर सिंह, सुप्रिया महतो, बृजेश सिंह, अवधेश सिंह, दुर्गा चरण बेसरा, मोना बेसरा, सामाजिक कार्यकर्ता भोगलू सोरेन, बबुआ सिंह, मनमोहन सिंह, खिरोद सरदार, धीरेन महतो, अनिल शर्मा, लालू बेसरा, अमित सिंहदेव, अजीत सिंह, बीआईटी सिंदरी के प्रो0 संग्राम हेंब्रम, पूर्व जिप सदस्य सुमित्रा हेंब्रम, धरमल सोरेन के अलावा कई स्थानीय गणमान्य लोग भी शामिल हुए और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान अग्नि बेसरा चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक बास्को बेसरा ने बताया कि स्व. अग्नि बेसरा की स्मृति में हर वर्ष इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि समाज सेवा की उनकी भावना को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने सभी रक्तदाताओं को धन्यवाद दिया।

