राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।वर्ल्ड आर्चरी लेवल-1 कोच सेमिनार में प्रशिक्षण के लिए चयनित झारखंड आर्चरी कोच गम्हरिया के हथियाडीह निवासी कमलेश महतो आज दिल्ली से स्विट्ज़रलैंड के लिए रवाना हुए। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वर्ल्ड आर्चरी एक्सीलेंस सेंटर, लॉज़ेन (स्विट्जरलैंड) में 14 से 21 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा देशभर से कई चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद 26 कोचों का चयन किया गया है, जिनमें कमलेश महतो भी शामिल हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से कोचों को महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। इससे झारखंड के तीरंदाजों को भी भविष्य में आधुनिक प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा। कमलेश महतो के पिता रामाकांत महतो और परिवार के अन्य सदस्य भी उनकी इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं और उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी इस उपलब्धि पर आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार और स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक अजीत सिंह ने भी कमलेश महतो को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और इससे युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कमलेश महतो के इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण में भाग लेने से झारखंड में तीरंदाजी खेल के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

