अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने गांधी आश्रम में कराया भोजन, आम और मिठाइयां बांटकर दिया सेवा का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (झारखंड प्रांत) ने रविवार को सामाजिक सरोकार और सेवा भावना के तहत बाराद्वारी कुम्हारपाड़ा स्थित गांधी आश्रम में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आश्रम के सभी वासियों को सम्मानपूर्वक पौष्टिक भोजन कराया तथा भीषण गर्मी को देखते हुए रसीले आम और मिठाइयों का वितरण किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित एवं बुजुर्ग लोगों के प्रति सम्मान, स्नेह और सेवा की भावना को बढ़ावा देना था। भोजन एवं उपहार पाकर आश्रम वासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और संगठन के सदस्यों को आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति, प्रांत उपाध्यक्ष श्रीमती एंजेल उपाध्याय, प्रांत पर्यावरण आयाम प्रमुख डॉ. अनीता शर्मा, प्रांत महिला आयाम प्रमुख श्रीमती रूबी लाल, जिला पर्यावरण आयाम प्रमुख अमलेन्दु, मोहित अग्रवाल, श्रीमती शालिनी अग्रवाल, श्रीमती शर्मिला सिंह, जिला प्रचार आयाम प्रमुख अंकेश सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आश्रम वासियों की सेवा कर समाज में मानवता और सेवा के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।

