झारखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू हो: राजेश शुक्ल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन और वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने अधिवक्ता वैद्यनाथ उपाध्याय पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसका स्थायी समाधान केवल एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट के लागू होने से संभव है।

श्री शुक्ल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को ईमेल भेजकर बिना विलंब इस एक्ट को लागू करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय दिलाने के लिए गरीब-अमीर सभी की सेवा करते हैं और कोरोना जैसी महामारी में भी जोखिम उठाकर अपने कर्तव्य का पालन किया।

उन्होंने चेतावनी दी कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में झारखंड स्टेट बार काउंसिल का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अधिनियम लागू करने की मांग करेगा।


