कुंडहित में पेयजल संकट पर प्रशासन सख्त, खराब चापाकलों की मरम्मत के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा/कुंडहित:पेयजल संकट निवारण पखवाड़ा के तहत शनिवार को कुंडहित प्रखंड के बाबूपुर पंचायत में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रशिक्षणमान उप समाहर्ता स्नेहा कुमारी ने की। इस दौरान क्षेत्र में खराब पड़े चापाकलों की सूची तैयार की गई तथा जल मीनारों की स्थिति का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बढ़ते पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए पेयजल विभाग के कनीय अभियंता को सभी खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या से जल्द राहत मिल सके।
इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा की अध्यक्षता में अम्बा पंचायत में भी पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी खराब चापाकलों की पहचान कर विभागीय अभियंताओं को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, मुखिया, वार्ड सदस्यों, जल सहिया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने पेयजल संकट से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम में किसी भी गांव में पेयजल की कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जाएंगे।

