गांधी जयंती पर आरंभ संस्था का विशाल रक्तदान शिविर, तैयारियां अंतिम चरण में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आरंभ संस्था की ओर से 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संस्था के संस्थापक सत्यम सिंह एवं अध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह ने बताया कि आरंभ सेवा की स्थापना मानव सेवा के उद्देश्य से की गई है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए गांधी जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर एग्रीको क्लब हाउस में आयोजित किया जाएगा। संस्था की ओर से अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की गई है। संस्था के सदस्यों ने बताया कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद की मदद की जा सकती है और एक व्यक्ति का रक्तदान कई लोगों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
शिविर को सफल बनाने के लिए संस्था के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

