सोनारी में महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, पंचवटी नगर में फांसी पर लटकी मिली सलोनी मुखी; पति फरार, ससुराल पक्ष पर गहराया शक
राष्ट्र संवाद संवाददाता – अमन ओझा
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले अंतर्गत सोनारी थाना क्षेत्र के पंचवटी नगर रोड नंबर–2 स्थित एक मकान में सलोनी मुखी नामक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग स्तब्ध रह गए और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में सलोनी की शादी आपसी रजामंदी से उमंग मुखी से कराई गई थी, लेकिन शादी के बाद से ही वह अक्सर गुमसुम रहती थी और मानसिक रूप से परेशान नजर आती थी। बीते कई महीनों से वह अपने बड़े बहन के घर पर रह रही थी, जिससे उसके वैवाहिक जीवन में तनाव की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि बीती रात सलोनी रोज की तरह खाना-पीना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर देखा गया कि सलोनी पंखे से झूल रही है। घटना के बाद से ही मृतका का पति उमंग मुखी फरार बताया जा रहा है, जिससे पूरे मामले को लेकर संदेह और भी गहराता जा रहा है। सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, मृतका के परिजनों ने पति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए प्रशासन पर दबाव बनाया। परिजनों का आरोप है कि यह महज आत्महत्या का मामला नहीं है और इसमें ससुराल पक्ष की भूमिका की गहन जांच होना बेहद जरूरी है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी फरार बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलु से जांच में जुट गई है।

