परसुडीह बाजार में चोरों का तांडव, छह दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान पर किया हाथ साफ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित परसुडीह बाजार में बीती रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने बाजार की करीब छह दुकानों के ताले तोड़कर नकदी, सब्जियां और अन्य सामान की चोरी कर ली। सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटी हुई दुकानों और बिखरे सामान को देखकर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों की भीड़ जुट गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

आलू-प्याज व्यवसायी अजय यादव ने बताया कि उनकी दुकान से नकदी रखने वाला गल्ला चोर उठा ले गए। बाद में बाजार से कुछ दूरी पर गल्ला टूटा हुआ मिला, लेकिन उसमें रखे करीब दो हजार रुपये नकद और जरूरी कागजात गायब थे। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ दस्तावेजों के खोने की भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसी तरह दुकानदार दुखी पोद्दार की दुकान से एक कैरेट टमाटर चोरी कर लिया गया, जबकि मधु पोद्दार की दुकान से लहसुन और खुदरा नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। वहीं नीति मुर्गी दुकान से आठ बत्तख भी चोरी कर ली गईं। सुनील पान दुकान का कैश काउंटर भी तोड़ा गया, लेकिन उसमें नकदी नहीं होने के कारण चोरों को कुछ हाथ नहीं लगा।

घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि बाजार समिति नियमित रूप से दुकानदारों से शुल्क वसूलती है, लेकिन रात में सुरक्षा के लिए कोई चौकीदार तैनात नहीं किया जाता। सुरक्षा व्यवस्था की कमी का फायदा उठाकर चोर लगातार दुकानों को निशाना बना रहे हैं।
दुकानदारों ने बाजार में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और नियमित रात्रि गश्त की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

