राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: दिवंगत मजदूर सुबोध पात्रो को न्याय और परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर बंटी सिंह परिजनों के साथ 22 नवंबर से टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर धरने पर बैठे हैं। 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद कंपनी प्रबंधन का कोई पदाधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है। सुबोध का शव अभी भी अस्पताल में है। परिजनों ने न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का ऐलान किया है।
बताया गया कि 16 मार्च को कंपनी में काम के दौरान तेल पर पैर फिसलने से सुबोध गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। आरोप है कि उन्हें कार्यस्थल दुर्घटना के तहत IOW सुविधा और समुचित इलाज का सहयोग नहीं मिला। छह महीने से अधिक समय तक कोमा में रहने के बाद 21 नवंबर को उनका निधन हो गया।
आंदोलनकारियों ने निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, उचित मुआवजा, बकाया वेतन और सभी वैधानिक लाभ देने की मांग की है। धरने के दौरान पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। बंटी सिंह ने कहा कि जब तक परिवार को न्याय और अधिकार नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

