
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। श्री गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व को लेकर जुस्को प्रशासन शुक्रवार से नगर कीर्तन मार्ग की मरम्मत और पेड़ों की लटकती टहनियों की छंटाई शुरू करेगा। टाउन जीएम आरके सिंह ने भाजपा के युवा सिख नेता सतबीर सिंह ‘सोमू’ को यह आश्वासन दिया है। गुरुवार को सोमू के नेतृत्व में सिख सांझी आवाज के प्रतिनिधिमंडल ने जुस्को मुख्यालय में मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा।
मंगलवार को सोनारी गुरुद्वारा साहिब से निकलने वाला नगर कीर्तन करीब साढ़े सात किलोमीटर की दूरी तय कर साकची गुरुद्वारा पहुंचेगा। इस मार्ग से करीब 18 फीट ऊंची श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी गुजरेगी। नगर कीर्तन में संगत की सुविधा के लिए सड़कों के गड्ढों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई की मांग की गई थी। इस दौरान चंचल भाटिया, नवजीत सिंह सोहल और करमजीत सिंह कम्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

