
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली/रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।
इस वर्ष झारखंड को मेले में ‘फोकस स्टेट’ के रूप में भागीदारी का अवसर मिला है। पवेलियन की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसके माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास की संभावनाओं और सरकारी योजनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर पारंपरिक हस्तशिल्प, टसर सिल्क, स्थानीय उत्पादों, कला-संस्कृति और उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली। पवेलियन में महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के उत्पादों को विशेष स्थान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक पहचान, महिला उद्यमिता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकासात्मक पहलों को देशभर में पहचान दिलाना सरकार का उद्देश्य है। उद्घाटन समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

