

पोटका में दो अलग-अलग रक्तदान शिविरों में 206 लोगों ने किया रक्तदान
*हाता के माताजी आश्रम में 70 और जहातु में 136 लोगों ने किया रक्तदान; शंकर मुंडा ने 35वीं बार किया रक्तदान*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग संस्थाओं की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। हाता स्थित माताजी आश्रम में ब्लड बैंक और वीबीडीए जमशेदपुर के सहयोग से 17वां रक्तदान शिविर लगा, जबकि जहातु में मरांग बुरु सोसाइटी ने प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के सौजन्य से शिविर आयोजित किया। दोनों शिविरों में कुल 206 लोगों ने रक्तदान किया।
*माताजी आश्रम में 70 लोगों ने किया रक्तदान*
हाता स्थित माताजी आश्रम में आयोजित शिविर में 70 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इनमें दो महिलाएं कुंती मंडल और प्रिया दे भी शामिल रहीं। गालूडीह रुंकिनी मंदिर के महात्मा विनय दास बाबाजी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।
मौके पर पूर्व विधायक मेनका सरदार, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, मुखिया सुखलाल सरदार, देवी भूमिज, पूर्व मुखिया उपेंद्र नाथ सरदार और सावित्री सरदार, पूर्व जिला परिषद सदस्य करुणामय मंडल, गणेश सरदार, सनत मंडल, पलटू मंडल और मनोज सरदार उपस्थित थे।
*जहातु में 136 लोगों ने किया रक्तदान, शंकर मुंडा का 35वां दान*
मरांग बुरु सोसाइटी, जहातु की ओर से आयोजित शिविर में 136 लोगों ने रक्तदान किया। सोसाइटी का यह 20वां शिविर था। इसकी शुरुआत वर्ष 2007 में हुई थी। अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्र में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित करने की पहल की सराहना करते हुए रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। पोटका निवासी शंकर मुंडा ने 35वीं बार रक्तदान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मेनका सरदार, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के अर्जित सरकार, गणेश सरदार, मनोज सरदार, सनत सी और सतीश सरदार मौजूद थे। शिविर को सफल बनाने में सदानंद साहू, देवानंद साहू, मंगल बेसरा, देव मांझी, हिंदू राम किस्कू, प्रबोध कुमार साहू, बबली सोरेन और राजेश सोरेन ने सक्रिय भूमिका निभाई।

