*छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मानगो मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया.*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आगामी लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मानगो मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता एवं अपर नगर आयुक्त श्री जितेंद्र यादव द्वारा मानगो क्षेत्र के इंटेकवेल छठ घाट कुंवर बस्ती,चाणक्यपुरी छठ घाट,वास्तु विहार छठ घाट
कृष्णा नगर छठ घाट,श्याम नगर, रामनगर, शंकोसाई छठ घाट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा,सुरक्षा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान घाटों के चबूतरों का मरम्मत कार्य, सीढ़ियों का रंग-रोगन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था तथा घाटों की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया।मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी घाटों पर आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएँ, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में श्रद्धापूर्वक भगवान सूर्य की उपासना कर सकें।

