बोलानी में गजलक्ष्मी पूजा जारी, 56 वर्षों से चली आ रही परंपरा
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
बड़बिल तहसील क्षेत्र के बोलानी टाउनशिप स्थित मुख्य बाजार के निकट लक्ष्मी मंडप में रविवार से गजलक्ष्मी पूजा शुरू हो गई। पूजा के शुभारंभ से पहले श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ कारो नदी से कलश में जल लेकर पूजा मंडप पहुंचे। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू की गई।
बोलानी में गजलक्ष्मी पूजा की परंपरा पिछले 56 वर्षों से चली आ रही है। पूजा के अवसर पर मंडप के समीप मीना बाजार भी सजाया गया है, जहां बच्चों से लेकर बड़ों तक के मनोरंजन के लिए झूले लगाए गए हैं। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और खाद्य पदार्थों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
पूजा मंडप में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। धार्मिक आयोजन और मेले से क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना हुआ है।

