चक्रवात ‘अर्णब’ के खतरे को देखते हुए जमशेदपुर में दो दिन स्कूलों में पढ़ाई स्थगित
28 और 29 अक्टूबर को कक्षा नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं रहेंगी बंद, शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्णब’ और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को कक्षा नर्सरी से 12वीं तक की पढ़ाई स्थगित करने का आदेश जारी किया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 27 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में जिले को ऑरेंज जोन में रखते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है। आदेश को उपायुक्त की स्वीकृति प्राप्त है।
हालांकि, विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों पर उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति भी दर्ज करनी होगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वे अपने स्तर पर निर्णय ले सकते हैं। जिला प्रशासन ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए यह कदम बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर उठाया है।

