*ईश्वर लाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस की लंबी तलाश खत्म
*545 ग्राम सोना लूटने का मामला; मुख्य फरार आरोपी गिरफ्तार; एसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, वैशाली में मिली सफलता*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
अगस्त 2023 में हथियार के बल पर ज्वेलरी दुकान में हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने की लूट से जुड़े इस मामले में सुरेश राय उर्फ नायडु यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेदु तीन साल से फरार था। उसे बिहार के वैशाली जिले के कंचनपुर से गिरफ्तार किया गया।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने मंगलवार को आदित्यपुर थाना में बताया कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके पटना, मुंबई और दिल्ली में छिपकर रहने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने बीते चार-पांच महीनों में वैशाली क्षेत्र में छापेमारी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की। आखिरकार 26 अक्टूबर 2026 को उसे पकड़ लिया गया।
मामला 6 अगस्त 2023 का है। लाल बिल्डिंग के समीप ईश्वर लाल ज्वेलर्स में सुबह करीब 10:30 बजे हथियार दिखाकर लूटपाट की गई थी। अपराधी करीब 545 ग्राम सोना लेकर भागे थे। इस संबंध में आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 243/2023 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस चार आरोपपटना, रुपेश झा उर्फ गोलू झा, अनुज कुमार झा, आशीष कुमार सिंह उर्फ आशीष पासवान और पिंटू कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से घटना में इस्तेमाल हथियार, लूटा गया सोना और सोना बेचकर प्राप्त रकम बरामद हुई थी।
पुलिस ने बताया कि सुरेश राय का नाम अन्य आपराधिक मामलों में भी सामने आया है, जिनमें अवैध शराब कारोबार, मारपीट, अपहरण और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने इस लूटकांड में अपनी तथा अन्य अपराधियों की भूमिका स्वीकार की है।

