*जनता दरबार में उठे जमीन, आवास और पेयजल से जुड़े मुद्दे
*दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग केंद्र खोलने की मांग, उपायुक्त ने मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग केंद्र स्थापित करने, इसके लिए सरकारी परिसर और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, जमीन की मापी एवं सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों, पेयजल संकट, चिकित्सा सहायता तथा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने में आ रही परेशानियों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा सरायकेला के तितिरबिला स्थित सरकारी पशु फार्म में पशुओं की देखभाल, खनन एवं स्टोन क्रशर से संबंधित मामलों तथा आदित्यपुर के आस्था आर्केड डुप्लेक्स में पार्किंग व्यवस्था और आपसी समन्वय से जुड़े मुद्दे भी सामने आए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच की जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने पात्र आवेदकों को सरकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करने पर जोर दिया।

