सोना देवी विश्वविद्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ का संदेश, युवाओं से ईमानदारी और पारदर्शिता अपनाने की अपील
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। सोना देवी विश्वविद्यालय में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) है। स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा, कुलाधिपति प्रभाकर सिंह, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी शामिल हुए।
कुलपति ने कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही सुशासन एवं राष्ट्र की समृद्धि के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिकता और कर्तव्यनिष्ठा विकसित करना भी है। कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी और निष्पक्षता अपनाने पर जोर दिया।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा ने सत्यनिष्ठा को चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिकता का आधार बताया। बंगला विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंजना बनर्जी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए युवाओं से ईमानदारी को जीवन का मूलमंत्र बनाने तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. कंचन सिन्हा ने उपस्थित लोगों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सप्ताह के दौरान निबंध लेखन, पोस्टर, स्लोगन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, रंगोली और लघु फिल्म प्रदर्शन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। एनएसएस इकाई के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में कृषि विज्ञान विभाग एवं सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी से दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही अपनाने का आह्वान किया।

