मौत के कुएं में करतब के दौरान बाइक में लगी आग, युवती झुलसी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में रविवार रात लगे मेले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मौत के कुएं में बाइक से करतब दिखा रही एक युवती की बाइक में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से युवती भी झुलस गई। उसे इलाज के लिए भेजा गया, जबकि बाइक पूरी तरह जल गई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती मौत के कुएं में बाइक से करतब दिखा रही थी। इसी दौरान अचानक बाइक में आग भड़क उठी। घटना के बाद मौके पर मौजूद दर्शकों में हड़कंप मच गया। आग लगने की घटना वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हालांकि, बाइक में आग कैसे लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

