दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब पर शिकंजा
*चांडिल में दो चुलाई भट्टियां ध्वस्त, 1200 किलो जावा महुआ व 90 लीटर शराब जब्त*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
दुर्गापूजा के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने चांडिल क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को विभागीय टीम ने चांडिल थाना क्षेत्र के जरियाडीह, चाकुलिया और कठजोड़ में छापेमारी कर दो अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया।
उपायुक्त के निर्देश एवं अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान मौके से 1,200 किलोग्राम जावा महुआ और 90 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। विभाग ने बरामद अवैध उत्पादों को जब्त कर लिया है। वहीं, भट्ठी संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्पाद विभाग के अनुसार आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

