एचआईवी के 95-95-95 लक्ष्य हासिल
*सरायकेला-खरसावां में जांच, उपचार और वायरल लोड मॉनिटरिंग पर जोर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
एचआईवी नियंत्रण की दिशा में सरायकेला-खरसावां जिले ने महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। जिले ने एचआईवी से संबंधित 95-95-95 के तीनों निर्धारित मानकों को हासिल कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार समुदाय स्तर पर जांच से लेकर संक्रमित लोगों को उपचार से जोड़ने और वायरल लोड की नियमित निगरानी तक की व्यवस्था को मजबूत किया गया, जिसका परिणाम इस उपलब्धि के रूप में सामने आया।
जिले में पहले लक्ष्य के तहत टार्गेटेड इंटरवेंशन, आउटरीच कार्यक्रम, कम्युनिटी आधारित सर्विलांस और जांच शिविरों के जरिए एचआईवी की पहचान पर जोर दिया गया। पहचान के बाद संक्रमित लोगों को समय पर उपचार से जोड़ने और उन्हें लगातार उपचार पर बनाए रखने के लिए मेडिकल ऑफिसर, काउंसलर और स्वास्थ्यकर्मियों ने नियमित फॉलोअप व काउंसलिंग की।
तीसरे लक्ष्य के तहत मरीजों की समयबद्ध वायरल लोड जांच और लगातार मॉनिटरिंग की गई। उपचार नियमित रखने के लिए काउंसलिंग पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे वायरल सप्रेशन हासिल करने में मदद मिली।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्यकर्मियों, कार्यक्रम टीम और कम्युनिटी पार्टनर्स के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा कि तीनों लक्ष्य हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन अब चुनौती इस उपलब्धि को कायम रखने की है। इसके लिए एचआईवी की रोकथाम, जांच, उपचार और देखभाल से जुड़ी सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जाएगा।

