खुशियों के सफर पर हादसे का ब्रेक, कार सवार सात युवक घायल
*एनएच-220 पर ट्रेलर से भिड़ी अर्टिगा, चार युवकों को गंभीर चोट*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, राजनगर
जगधात्री मेला घूमकर लौट रहे सात युवकों का सफर राजनगर के बागरायसाई मोड़ पर हादसे में बदल गया। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर अर्टिगा कार और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में सभी सात युवक घायल हो गए। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चार युवकों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद कार में फंसे युवकों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कटर मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने सभी को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।
घायलों में सुमित कुमार कामिला, विवेक राणा, अभिषेक प्रमाणिक, चंदन सिंहदेव, रंजन सिंहदेव, रौनक दास और शिवा नायक शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुमित, चंदन, विवेक और अभिषेक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य तीन युवकों को अपेक्षाकृत कम चोट लगी है।
हादसे के बाद सड़क पर राहत-बचाव के दौरान लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया था। बताया गया कि युवक जगधात्री मेला देखकर घर लौट रहे थे।

