न्यायिक प्रक्रिया अधिक सुगम पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने में मिलेगी मदद
राष्ट्रसंवाद/बेगूसराय। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली आरसीएमएस के तहत वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था का लोकार्पण किया जिससे बिहार के 899 राजस्व न्यायालयों में अब मामलों की सुनवाई वर्चुअल माध्यम से की जा सकेगी। उक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एनआईसी कार्यालय में डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस नई व्यवस्था के लागू होने से आम लोगों को राजस्व न्यायालयों में अपने मामलों की सुनवाई के लिए बार बार कार्यालयों एवं न्यायालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अब वे डिजिटल माध्यम से अपने मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। इससे राजस्व न्यायालयों की सुनवाई प्रक्रिया अधिक सुलभ होगी तथा आम नागरिकों के समय और संसाधनों की बचत होगी। इस अवसर पर श्री पांडेय ने कहा कि राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था शुरू होने से आम नागरिकों को काफी सहूलियत मिलेगी। अब लोगों को अपने मामलों की सुनवाई के लिए दूर दराज से बार बार जिला एवं अनुमंडल स्तर के कार्यालयों में आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिजिटल माध्यम से सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। इससे न्यायिक प्रक्रिया अधिक सुगम पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी।

