*सत्ता के शिखर पर बैठे तीन नेताओं के सिर से उठा मां का साया*
*सत्ता बदलती है, पद बदलते हैं, राजनीतिक परिस्थितियां बदलती हैं, लेकिन मां का साया जीवन में एक बार उठ जाए तो फिर लौटकर नहीं आता*
*2026 में हेमंत सोरेन, योगी आदित्यनाथ और अर्जुन मुंडा ने खोया मातृ-स्नेह; पद और प्रतिष्ठा के पार एक जैसी है मां को खोने की पीड़ा*
विशेष टिप्पणी | मृत्युंजय बर्मन
राजनीति में कोई मुख्यमंत्री होता है, कोई पूर्व मुख्यमंत्री तो कोई केंद्रीय मंत्री। सत्ता, प्रतिष्ठा, सुरक्षा और समर्थकों का विशाल संसार उनके इर्द-गिर्द होता है। लेकिन जीवन में एक रिश्ता ऐसा है, जिसके सामने ये तमाम उपलब्धियां छोटी पड़ जाती हैं। वह रिश्ता है मां का। वर्ष 2026 भारतीय राजनीति के तीन चर्चित चेहरों के लिए इसी मायने में बेहद पीड़ादायक रहा है।
सबसे पहले 7 अक्टूबर को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां रूपी सोरेन को खोया। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनसंगिनी और झारखंड आंदोलन से जुड़े एक बड़े राजनीतिक परिवार की आधारशिला रहीं रूपी सोरेन के निधन ने परिवार को गहरे शोक में डाल दिया। पिता शिबू सोरेन के निधन के एक वर्ष से कुछ अधिक समय बाद मां का साथ भी छूट जाना हेमंत के लिए दोहरा पारिवारिक आघात था।
इसके बाद 20 नवंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। योगी आदित्यनाथ के राजनीतिक और आध्यात्मिक जीवन की अपनी अलग पहचान है, लेकिन मां के निधन की खबर ने उन्हें भी एक सामान्य बेटे की तरह मातृवियोग के दर्द से रूबरू कराया।
अभी इस शोक की चर्चा थमी भी नहीं थी कि 23 नवंबर की सुबह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा के निधन की खबर आ गई। जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अर्जुन मुंडा ने अपनी भावुक प्रतिक्रिया में मां को जीवन का सबसे मजबूत सहारा बताया। उनके शब्दों में मां के जाने से सिर्फ ममता का साया नहीं, बल्कि वह भरोसा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी लगती थी।
इन तीन घटनाओं के बीच एक गहरी मानवीय समानता है। तीनों नेताओं की राजनीतिक पहचान अलग-अलग है। विचारधारा, दल और सत्ता के समीकरण भी अलग हैं, लेकिन मां को खोने का दर्द किसी राजनीतिक सीमा में बंधा नहीं होता।
यह भी एक विडंबना है कि सार्वजनिक जीवन में हजारों लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने वाले इन नेताओं के पास अपने इस निजी दुख का कोई राजनीतिक समाधान नहीं है। मुख्यमंत्री का पद हो या राष्ट्रीय राजनीति में पहचान, मां की अनुपस्थिति की भरपाई कोई नहीं कर सकता।
वर्ष 2026 में अब तक सार्वजनिक रूप से सामने आई इन तीन प्रमुख घटनाओं ने एक बार फिर यह एहसास कराया है कि राजनीति में व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न हो जाए, मां के सामने वह हमेशा बेटा ही रहता है। पद की ऊंचाई और लोकप्रियता की व्यापकता जीवन के इस सबसे आत्मीय रिश्ते का विकल्प नहीं बन सकती।

