महिलाओं की आत्मनिर्भरता से मजबूत होगा समाज : संजीव सरदार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। आसनबनी और कालिकापुर में आजीविका महिला संगठन समिति की ओर से JSLPS बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार शामिल हुए और महिला समूहों की सदस्यों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सुने।
विधायक ने कहा कि महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी न बनें, बल्कि योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने नियमित बचत, आपसी सहयोग और समूह के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और हुनर के आधार पर छोटे व्यवसाय शुरू कर उन्हें आगे बढ़ाया जा सकता है।
संजीव सरदार ने कहा कि जब महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने महिला समूहों को मजबूत बनाने और ग्रामीण विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

