डिप्टी कलेक्टर नसीन कुमार निशांत ने बच्चों से किया सीधा संवाद।पढ़ाई की स्थिति परखे, शिक्षकों की कमी से लेकर पेयजल व संसाधनों की समस्याएं भी जानीं।
छौड़ाही।प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय के कैंपस स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल ऐजनी में बुधवार को आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में डिप्टी कलेक्टर नसीन कुमार निशांत पहुंचे।उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली और कक्षा में सवाल पूछकर बच्चों की विषयगत समझ भी परखी। उन्होंने विद्यार्थियों को बिना झिझक अपनी बात रखने तथा पढ़ाई के साथ लिखने का नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।कक्षा नौ की छात्रा अंजली कुमारी से उन्होंने पूछा कि एक मीटर में कितने सेंटीमीटर होते हैं। अंजली ने सही जवाब देते हुए 100 सेंटीमीटर बताया।कक्षा दस की नंदनी कुमारी से दूरी की एसआई इकाई पूछी गई, जिसका वह जवाब नहीं दे सकी।वहीं कक्षा नौ के मनीष कुमार ने मनोविज्ञान से संबंधित सवाल का सही उत्तर दिया। इतिहास से जुड़े सवाल पर बच्चों ने वास्को डी गामा का नाम बताया।संगोष्ठी में विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। कक्षा नौ-दस में संस्कृत, उर्दू और अंग्रेजी तथा कक्षा 11-12 में गणित और मनोविज्ञान के शिक्षकों की आवश्यकता बताई गई।पुस्तकालय के लिए शिक्षक, डाटा ऑपरेटर, कंप्यूटर-आईसीटी सुविधा,रसायन प्रयोगशाला,गतिविधि कक्ष और साइकिल स्टैंड की मांग भी रखी गई।छात्रों ने पेयजल की समस्या बताते हुए कहा कि विद्यालय में दो चापाकल हैं, लेकिन पानी की उपलब्धता को लेकर परेशानी होती है।आरओ की सुविधा है, लेकिन पानी समाप्त होने पर समस्या बढ़ जाती है।विद्यालय के बाहर चिकेन फार्म से आने वाली दुर्गंध से पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत भी बच्चों ने की।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रीति कुमारी ने बताया कि विद्यार्थियों को शर्ट, पैंट और जूते शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता पर भी जोर दिया।बैठक में अभिभावकों की कम उपस्थिति पर भी चर्चा हुई।अभिभावक सकीब आलम ने कहा कि एक-दो दिन पहले सूचना मिलने पर अधिक अभिभावक बैठक में शामिल हो सकते थे।मौके पर प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी मो.तैयब हुसैन,राजस्व पदाधिकारी प्रकाश कुमार,बीआरसीसे कुमार चंदन किशोर, अभिभावक अमिताभ बच्चन पटेल,डॉ कलीम रौनक सहित शिक्षक मौजूद थे।डिप्टी कलेक्टर नसीन कुमार निशांत का शॉल और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।

