20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, बाइक, नकद व अन्य सामान जब्त
*नशे कारोबारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा- एसपी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा. गिद्धौर पुलिस ने सलीमपुर मोड़ के पास से 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर निराला कुमार (पिता अनिल कुमार दांगी) चतरा सदर थाना क्षेत्र के लोवागड़ा गांव का रहने वाला है. उसके पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक अपाची बाइक, 15 हजार 500 नकद, एक मोबाइल, सिल्वर रंग का एक चेन, वाट्सअप चैटिंग का प्रिंट जब्त किया गया. यह जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया गुप्त सूचना मिली थी कि अपाची बाइक से अपराधी प्रवृति के व्यक्ति चतरा से हजारीबाग जाने वाला है. सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सलीमपुर मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग लगाया. इस दौरान बाइक सवार को रोकने पर तेज रफ्तार से भागने लगा. जिसे जवानों ने खदेड़कर पकड़ा और तलाशी लिया. जिसमें ब्राउन शुगर व अन्य सामान जब्त किया गया. इस संबंध में गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया. आगे एसपी ने कहा कि वाट्सअप चैटिंग के माध्यम से कई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है. इसमें शामिल तस्करों पर भी कार्रवाई की जा रही है. एसपी ने कहा कि नशे कारोबारियों को किसी भी हाल में बक्सा नहीं जाएगा. उन्होंने लोगों से जिले को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की है. नशे पदार्थों के धंधे के तस्करों व इसमें संलिप्त लोगों की जानकारी देने की बात कही है, ताकि उस पर कार्रवाई की जा सके. छापामारी टीम में सदर अंचल पुलिस इंस्पेक्टर बीरेंद्र हांसदा, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री समेत कई जवान शामिल थे. मौके पर डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह उपस्थित थे.

