प्रदूषण पर पोटका में उबाल, जनआंदोलन की तैयारी
*हल्दीपोखर साइडिंग समेत चार औद्योगिक इकाइयों पर उठे सवाल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर पोटका प्रखंड के ग्रामीणों में असंतोष बढ़ने लगा है। इसी मुद्दे पर हाता रामगढ़ आश्रम में जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग, साहा स्पंज आयरन प्राइवेट लिमिटेड, हाता-हल्दीपोखर धर्मकांटा और हल्दीपोखर पाउडर फैक्ट्री से कथित रूप से हो रहे प्रदूषण पर चिंता जताई गई।
बैठक में प्रदूषण की रोकथाम और आम लोगों को राहत दिलाने के लिए जनआंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए हल्दीपोखर पूर्वी-पश्चिमी, गंगाडीह, पोड़ाडीहा, सानग्राम, पोटका, तेतला, चांदपुर तथा राजनगर प्रखंड के एदल पंचायत क्षेत्र समेत दोनों प्रखंडों के ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई।
बैठक में कहा गया कि जनहित से जुड़ी मांगों को संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। उचित कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को व्यापक रूप देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मनोज सरदार, पलटू मंडल, उत्पल बोस, अजय गोप, उज्ज्वल मंडल, दिनेश कर, सौरभ मंडल, कमल लोचन गोप, आयुष महाकुड़, शुभम साहू, तनुज दास, रमेश मोदक, कविंदर गोप, दुलाल मंडल, बाबलु कुमार, शंकर मंडल, बासुदेव महाकुड़, सूरज पात्र, बिशाला खंडवाल, जयदेव कुमार, देवाशीष दे, माना गोप और प्रकाश सरदार समेत अन्य लोग मौजूद थे।

