100 मिनट की साधना, 212 राउंड और 10 विजेता
*जादूगोड़ा में सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता ने रचा नया उत्साह; 55 महिलाओं ने दिखाया अनुशासन और आत्मविश्वास*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा।
शक्ति की आराधना का अलग रंग रविवार को जादूगोड़ा में देखने को मिला। यूसीआईएल सामुदायिक केंद्र में रंगीलो जादूगोड़ा और एफजी वॉरियर्स डांस एकेडमी की ओर से आयोजित सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में 55 महिलाओं ने हिस्सा लेकर योग के प्रति अपने उत्साह और अनुशासन का प्रदर्शन किया। करीब एक घंटा 40 मिनट चली प्रतियोगिता में 10 महिलाओं ने 212 राउंड सूर्य नमस्कार पूरा कर संयुक्त रूप से विजेता का खिताब हासिल किया।
संयुक्त विजेताओं में रीति विद्यार्थी, मैत्रेयी दास, शाश्वती राणा, गीता मंडल, रूबी वर्मा, मीनू रानी भोल, पूर्णिमा भकत, ज्योत्सना कोरा, मालती मुर्मू और सबिता रानी भकत शामिल हैं। प्रतियोगिता के दौरान इनकी निरंतरता और उत्साह ने मौजूद लोगों को प्रभावित किया। वहीं अन्य 45 प्रतिभागियों ने भी पूरे उत्साह के साथ चुनौती पूरी की।
कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। एफजी वॉरियर्स डांस एकेडमी के संचालक एवं संयोजक शिव पात्रो ने कहा कि महिलाओं का घर की जिम्मेदारियों से निकलकर स्वास्थ्य और योग के लिए समय देना प्रेरणादायी है। प्रतिभागी महिलाओं ने भी इसे मानसिक शांति और शारीरिक मनोबल बढ़ाने वाली पहल बताया।
संस्था के अनुसार 14 अक्टूबर को होने वाली डांडिया-गरबा नाइट में सभी 55 प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को विशेष पुरस्कार तथा अन्य प्रतिभागियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
मौके पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता सुशील अग्रवाल, कम्युनिटी सेंटर पदाधिकारी श्रीनिवास सिंह, तारक दे और चंद्र भूषण सिंह मौजूद थे।

